सड़क हादसे में घायल सेना के जवान महिमन सिंह चुफाल ने लखनऊ में तोड़ा दम, 8 दिसंबर को होनी थी शादी


पिथौरागढ़। सड़क हादसे ने मां भारती के एक वीर सपूत की जिंदगी छीन ली। हादसे में गंभीर रूप से घायल भारतीय सेना के जवान महिमन सिंह चुफाल ने बुधवार देर रात लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जवान के निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सबसे दुखद पहलू यह है कि महिमन की शादी आगामी 8 दिसंबर को होनी तय थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और परिवार खुशियों के इंतजार में था, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

एक हादसे में गई युवक की जान, जवान समेत दो लोग हुए थे घायल

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय छात्र धीरज भट्ट की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में बुलेट बाइक सवार सेना के जवान महिमन सिंह चुफाल और 28 वर्षीय राजेश रावत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। महिमन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में घायल राजेश रावत का उपचार जारी है।

12 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात थे महिमन

महिमन सिंह चुफाल ग्राम नलई निवासी रमेश सिंह चुफाल के पुत्र थे। वह भारतीय सेना की 12 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात थे। ग्राम प्रधान किशन सिंह कार्की के अनुसार, महिमन का परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ के हुबली गांव का निवासी है और वर्तमान में नलई गांव में रह रहा है। परिवार में उनके माता-पिता और एक भाई हैं। उनके पिता एक कंपनी में कार्यरत हैं।

शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

महिमन की शादी 8 दिसंबर को होनी तय थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और परिजन बेटे के विवाह को लेकर उत्साहित थे। परिवार ने जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने के सपने देखे थे, उसी बेटे की असमय मृत्यु की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद खुशियों का माहौल होना था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जवान के पार्थिव शरीर के घर पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही थी और शुक्रवार को अंतिम संस्कार प्रस्तावित बताया गया था।

वीर जवान के निधन पर शोक, क्षेत्रवासियों ने दी श्रद्धांजलि

सेना के जवान महिमन सिंह चुफाल के असामयिक निधन पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। देश की सेवा में समर्पित एक जवान का इस तरह असमय चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। महिमन सिंह चुफाल की स्मृतियां उनके परिजनों और क्षेत्रवासियों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!