खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ, जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कृषि विज्ञान केंद्र, ढकरानी में राज्य स्तरीय ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
कृषि मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित प्रयोग को कम करना, मृदा स्वास्थ्य सुधारना और जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण कराने, फसल चक्र अपनाने तथा जैव उर्वरकों और आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करने की अपील की। अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में विकासखंड और न्याय पंचायत स्तर पर किसान जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी पर्यावरण अनुकूल खेती पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों राजेंद्र रियासु, कासिम और टीकाराम को कृषि यंत्रीकरण के तहत अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए। कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी ए.के. शर्मा ने किसानों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में 500 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया।
