81 किलो गांजा बरामदगी मामले में मुरादाबाद से चार आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। धुमाकोट पुलिस ने 81 किलो 630 ग्राम गांजा बरामदगी के मामले में चार आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी पुलिस ने बरामद की थी।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान कार सवार बैरियर तोड़कर फरार हो गए थे। बाद में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से गांजा बरामद हुआ। फरार आरोपियों की तलाश के लिए गठित पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए 16 अक्टूबर को चारों को मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार, रंजीत सिंह उर्फ रिंकू, संजू और शरद सिंह के रूप में हुई है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस अब गांजे की तस्करी के स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
