25 वर्षों की राष्ट्रसेवा पर उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने पारित किया धन्यवाद प्रस्ताव


हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री के सेवाकाल को सेवा, सुशासन, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना की यात्रा बताते हुए देश और उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रस्ताव में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी। उनके नेतृत्व में जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। मंत्रिमंडल ने डिजिटल इंडिया, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, यूपीआई, चंद्रयान-3 की सफलता और रक्षा क्षेत्र में हुए कार्यों का भी उल्लेख किया। बैठक में उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष लगाव और आपदा के समय दिए गए सहयोग की सराहना की गई। नवंबर 2023 में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के अभियान, वर्ष 2024 में सहस्त्रताल और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आई आपदाओं तथा अगस्त 2025 में धराली में आई आपदा के दौरान केंद्र के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया। प्रस्ताव के अनुसार, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की अवस्थापना परियोजनाओं पर काम हो रहा है। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा, चारधाम महामार्ग विकास परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और सोनप्रयाग-केदारनाथ एवं गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान, जमरानी बांध, लखवाड़ और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री के योगदान और उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह के लिए उन्हें आभार पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में विकसित उत्तराखंड के योगदान का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!