वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस ने किया सर्वाेच्च न्यायालय कूच

देहरादून/नई दिल्ली। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित सर्वाेच्च न्यायालय कूच में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बाराखंबा रोड से सर्वाेच्च न्यायालय की ओर निकाले गए मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में नारेबाजी की। उन्होंने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम काटे जाने के आरोप उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के मन में संदेह पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विरुद्ध उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच, इस्तीफे और कथित अनियमितताओं में आपराधिक संलिप्तता की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को नागरिकों के मताधिकार और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता की रक्षा का अभियान बताया। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने उत्तराखंड में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर शिकायतें उठाईं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन को व्यापक रूप देगी। प्रदर्शन में पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक विक्रम सिंह नेगी, लखपत बुटोला और फुरकान अहमद सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
