केंद्रीय विद्यालय में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

देहरादून। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से केंद्रीय विद्यालय सालावाला में स्वच्छता शपथ एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। विद्यालय के प्राचार्य मयंक शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी व्यक्ति या संस्थान की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के प्रति दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। सीबीसी के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने की अपील की। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं की नवोदय सिंह ने प्रथम, धनिशी ने द्वितीय और कक्षा आठवीं की श्रेया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय को कूड़ेदान भी भेंट किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक राम किशोर मीणा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
