विकसित भारत-जी राम जी से योजनाओं के कन्वर्जेंस पर जोर


हरिद्वार। विकास भवन सभागार रोशनाबाद में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की योजनाओं को विकसित भारत-जी राम जी के साथ कन्वर्जेंस किए जाने को लेकर बैठक हुई। सीडीओ ने जल सुरक्षा एवं संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन से निपटने से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक गांव में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। आजीविका बढ़ाने के लिए चंदन, आंवला, ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, मशरूम, शहतूत और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने विकासखंडों को सेल्फ सस्टेनेबल विलेज मॉडल के तहत ऐसे गांव विकसित करने को कहा, जहां स्थायी आय के स्रोत तैयार हों। जल संचय, कूड़ा एवं अपशिष्ट प्रबंधन, जल निकासी, सिंचाई और नर्सरी निर्माण जैसी गतिविधियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर ग्रामीणों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!