टिहरी में खेल मैदानों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
टिहरी। जनपद में खेल मैदानों के निर्माण और खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने केंद्र पोषित विशेष सहायता योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि कुछ निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष प्रगतिरत हैं।
योजना के तहत देवप्रयाग, प्रतापनगर, भिलंगना, चंबा, जाखणीधार, थौलधार और कीर्तिनगर में मिनी स्टेडियम, ओपन जिम, खेल मैदान, दर्शकदीर्घा और बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न कार्य स्वीकृत हैं। जिलाधिकारी ने मैदानों में फेंसिंग, सुरक्षा दीवार और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम का निर्माण नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। बैडमिंटन हॉल में खिलाड़ियों के अनुकूल चित्रकारी और वॉलपेपर लगाने को भी कहा। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
