आज से चलेगा कांग्रेस का प्रदेशव्यापी ‘’भूमि बचाओ-धामी हटाओ’’ अभियान
देहरादून। सरकारी जमीनों की कथित बंदरबांट के विरोध में कांग्रेस आज 4 नवंबर को प्रदेशभर में ‘’भूमि बचाओ-धामी हटाओ’’ अभियान चलाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर सुबह 10 बजे 11 स्थानों पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत नैनीताल, अल्मोड़ा, रानीखेत, हल्द्वानी, भीमताल, देहरादून, ऋषिकेश, विकासनगर, मसूरी, टिहरी और हरिद्वार में सरकारी भूमि का निरीक्षण एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस ने अभियान की जिम्मेदारी यशपाल आर्य, हरीश रावत, प्रीतम सिंह, करण माहरा सहित वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कार्यकर्ताओं से निर्धारित स्थलों पर पहुंचने की अपील की।
