स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर क्रमिक अनशन 12वें दिन भी जारी

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण, डॉक्टर एवं अन्य मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति तथा माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा को धरातल पर उतारने की मांग को लेकर तहसील परिसर ऊखीमठ में चल रहा अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन 12वें दिन भी जारी रहा।
12वें दिन सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान, गजपाल कुँवर, लखपत शैव एवं सेमवाल क्रमिक अनशन पर बैठे।
वहीं डंगवाड़ी, चुन्नी, डूंगर सेमला एवं मनसूना की महिला मंगल दलों ने मुख्य बाजार से रैली निकालकर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय अशोक कैशिव स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद महिलाएं रैली के रूप में तहसील परिसर स्थित धरना स्थल पर पहुंचीं और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान ने कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि ऊखीमठ क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चल रहे इस जनआंदोलन को उनका पूरा समर्थन रहेगा।
धरना स्थल पर उपस्थित ग्रामीणों एवं महिला मंगल दलों ने कहा कि ऊखीमठ क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण, डॉक्टरों एवं आवश्यक मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति होने से ऊखीमठ सहित आसपास के गांवों की जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान डूंगर सेमला मीनाक्षी देवी
ग्राम प्रधान मनसूना मिथिला देवी उनियाणा प्रधान विशाम्बरी देवी , प्रधान पठाली मनवर नेगी सरपंच देवेंद्र रावत आरती शैव, प्रमिला रावत शर्मिला देवी रीता पुष्पवाण सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, महिला मंगल दलों की महिलाएं एवं आंदोलनकारी मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण एवं डॉक्टरों तथा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति को लेकर ठोस शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
