संजीव ने ‘मांजी मसाले’ से खड़ा किया रोजगार का कारोबार

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी के कोट ब्लॉक स्थित कांडई गांव निवासी संजीव बछेती ने 26 साल शहर में बिताने के बाद गांव लौटकर स्वरोजगार की मिसाल पेश की है। वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान गांव लौटे संजीव ने प्रधानमंत्री रोजगार योजना का लाभ लेकर मसाला यूनिट शुरू की। हल्दी, मिर्च और धनिया से शुरू हुआ कारोबार अब ‘मांजी मसाले’ के नाम से पहचान बना चुका है। यूनिट में मसालों के साथ मंडुवा, झंगोरा और पहाड़ी दालों के उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं। कारोबार से करीब आठ लोग प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। संजीव का बेटा अक्षत भी पिता के साथ कारोबार में सहयोग कर रहा है। उनका लक्ष्य अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ना है।
