संगम पुस्तकालय को मिलीं 2500 से अधिक पुस्तकें

रुद्रप्रयाग। विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर चलाए जा रहे ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत संगम पुस्तकालय को 2500 से अधिक पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने पुस्तकालय पहुंचकर पुस्तकें विद्यार्थियों को समर्पित कीं।
विधायक ने कहा कि विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री पहुंचाना है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी 150 पुस्तकें उपलब्ध कराई हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, डीडीओ मनविंदर कौर, एसडीएम सोहन सिंह सैनी सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
