सलेमपुर में स्वच्छता रैली निकालकर दिया स्वच्छता का संदेश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत सलेमपुर स्थित श्री सिद्धिविनायक फेज-3 में मां भवानी स्वच्छता समिति ने स्वच्छता रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। समिति सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने तथा घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई। ‘स्वच्छता ही सेवा है’, ‘स्वच्छ मोहल्ला, स्वस्थ परिवार’ सहित विभिन्न नारों से लोगों को जागरूक किया गया। स्थानीय निवासियों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ ग्राम पंचायत बनाने का संदेश दिया गया।
