सिरासू में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। यमकेश्वर विकासखंड के सिरासू क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राफ्टिंग, बोटिंग, होमस्टे और प्री-वेडिंग शूट डेस्टिनेशन के रूप में क्षेत्र की संभावनाओं को विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए दुकानें, वाटर पार्क, चिल्ड्रन पार्क और कॉटेज विकसित करने संबंधी डीपीआर शासन को भेजी गई है। उन्होंने बच्चों के पार्क में झूले, सेल्फी पॉइंट, शौचालय और विद्युत व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। स्थानीय महिलाओं और युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नवंबर से फोटोग्राफी, कैटरिंग और मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण शुरू कराने को कहा। इच्छुक लोगों को होमस्टे स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए 10 नवंबर से पहले आवेदन करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और बंदरों की समस्या के समाधान के लिए वन विभाग से समन्वय करने को कहा।


पौड़ी में सड़क सुधार कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण

पौड़ी। जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार और पैचवर्क कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने भुवनेश्वरी मंदिर मार्ग पर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और गड्ढों को प्राथमिकता से भरने के निर्देश दिए। घुड़दौड़ी से आगे डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव वाले स्थान का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अवरुद्ध नालियों की सफाई, झाड़ियों के कटान और अवैध साइन बोर्ड हटाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी और स्थलीय सत्यापन किया जाए। डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड वाली सड़कों पर पैचवर्क संबंधित ठेकेदारों से कराया जाए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!