श्रीनगर में मुख्यमंत्री धामी ने किया बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, साइंस सिटी और हाईटेक घाटों की घोषणा

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
 
श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर शहरवासियों ने पुष्पवर्षा और ढोल-दमाऊं की थाप के साथ जोरदार स्वागत किया। खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक जुटे रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने भी उनका अभिवादन किया। इससे पूर्व हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया महापौर आरती भंडारी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली। पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महापौर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कमलेश्वर महादेव की नगरी में मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है। श्रीनगर को स्वच्छ सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के साथ विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कमलेश्वर महादेव का स्मरण करते हुए कहा कि इस पावन धरा पर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अलकनंदा के तट पर बसी श्रीनगर नगरी का धार्मिक सांस्कृतिक और शैक्षणिक इतिहास गौरवशाली है। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने इस नगर को देशभर में विशिष्ट पहचान दिलाई है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थी देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर की पौराणिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता है कि भगवान विष्णु ने यहां भगवान शिव की आराधना करते हुए सहस्र कमल पुष्प अर्पित किए थे।
 
 
उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया था। त्रेतायुग में रावण वध के पश्चात भगवान श्रीराम ने ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति के लिए यहां 108 कमल पुष्पों से भगवान शिव की आराधना की थी। उन्होंने कहा कि कमलेश्वर महादेव से जुड़ी पौराणिक मान्यताएं इस धाम की धार्मिक महत्ता को विशिष्ट पहचान देती हैं। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल मनोरंजन और व्यापार का आयोजन नहीं बल्कि लोकसंस्कृति परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का उत्सव है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ की पावन भूमि से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। आज प्रदेश विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को संवारने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। केदारखंड मंदिर माला मिशन मानसखंड मंदिर माला मिशन और गोल्ज्यू कॉरिडोर जैसी योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को नई पहचान दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए एक जनपद-दो उत्पाद योजना संचालित की जा रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि करने का निर्णय लिया है। वहीं बैणी भुली योजना के तहत लाभार्थियों को दो किश्तों में भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार नकल माफिया और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। नकलविरोधी कानून के अंतर्गत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है जबकि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास भी और विरासत भी के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है और इसे जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। इससे श्रीनगरवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। श्रीनगर में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर अब तक लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। शहर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग विकसित की जा रही है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क को दो लेन करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। नैथाणा और रानीहाट रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ स्थानीय आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी। श्रीनगर से कर्णप्रयाग तक विकसित हो रहे रेल नेटवर्क और विभिन्न रेलवे स्टेशनों से आने वाले समय में पूरे क्षेत्र को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।
 
 
इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन रेन वाटर हार्वेस्टिंग सड़क एवं नाली निर्माण तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद यानी यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। इसके साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। उन्होंने विष्णुप्रयाग नंदप्रयाग कर्णप्रयाग रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में हाईटेक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट और सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर को उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र को अनेक विकास योजनाओं की सौगात मिली है। श्रीनगर में 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी श्रीनगर का निर्माण कार्य गतिमान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन किया। साथ ही शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर एसएसपी सर्वेश पंवार सीडीओ अशोक जोशी एसडीएम नूपुर वर्मा कृष्णा त्रिपाठी सहित अधिकारी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!