श्री हेमकुण्ड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 3.84 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। हिमालय में लगभग 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुण्ड साहिब और पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सेना के बैंड की मधुर धुनों, शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास के बीच इस वर्ष की यात्रा का भावपूर्ण समापन हुआ। इस वर्ष 23 मई से शुरू हुई यात्रा में 3,84,573 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री हेमकुण्ड साहिब में मत्था टेका।
कपाट बंद होने के अवसर पर गोविंद धाम घांघरिया से रागी जत्थे के साथ हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे। इनमें पाकिस्तान से आया 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं का जत्था भी शामिल रहा। बर्फ से ढकी सप्तश्रृंग घाटी के मनमोहक नजारों के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में लीन नजर आए।
सुबह सुखमणी साहिब के पाठ के साथ धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए। इसके बाद शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास की गई। अरदास के पश्चात हुक्मनामा लेकर गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सेना के बैंड की धुनों के बीच दीवान हॉल से सचखंड साहिब में सुशोभित किया गया। इसके बाद दोनों तीर्थस्थलों के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

पुलिस और एसडीआरएफ ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
यात्रा के दौरान भारी बर्फबारी, बारिश, कड़ाके की ठंड और फिसलन भरे दुर्गम रास्तों के बावजूद पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के जवान मुस्तैद रहे। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई। जवानों ने कठिन रास्तों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग पार कराने के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई। गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा और वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने सुरक्षा एवं यात्रा प्रबंधन के लिए प्रभारी निरीक्षक गोविन्दघाट चित्रगुप्त सिंह और चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने भी पुलिस और एसडीआरएफ के सेवाभाव और तत्परता की प्रशंसा की। इस अवसर पर ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह, ग्रंथी हामिद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बर्फीले रास्तों पर हेमकुंड साहिब के श्रद्धालुओं का सहारा बनी पुलिस
चमोली। श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं को भारी बर्फबारी के बाद दुर्गम और फिसलन भरे रास्तों पर आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में चमोली पुलिस के जवान मुस्तैदी से श्रद्धालुओं की मदद कर उन्हें सुरक्षित रास्ता पार करा रहे हैं। बर्फ से ढके मार्गों पर पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं का हाथ थामकर सावधानीपूर्वक आगे बढ़ने में सहयोग कर रहे हैं। पाकिस्तान से आए सिख श्रद्धालुओं के जत्थे सहित अन्य यात्रियों को भी पुलिस की सहायता मिल रही है। कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जवानों की तत्परता श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में मददगार साबित हो रही है। दुर्गम रास्तों पर सेवा और सहयोग के जरिए चमोली पुलिस मानवता और समर्पण का परिचय दे रही है।
