शिक्षा और कानूनी जागरूकता से सशक्त समाज का निर्माण संभव

पौड़ी। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जयंती और अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस पर शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर श्रीनगर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को शिक्षा, कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाजिश कलीम ने कहा कि शिक्षा और कानूनी जागरूकता सशक्त समाज की नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर पात्र व्यक्तियों को प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ने विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश मैठाणी सहित शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
