सीवरेज और पेयजल परियोजना की समीक्षा, मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य

चमोली। जोशीमठ में करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से संचालित सीवरेज एवं पेयजल परियोजना के कार्य मार्च 2029 तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को समीक्षा बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति और तैयारियों का जायजा लिया। परियोजना के तहत क्षेत्र में 3,858 सीवरेज और 2,701 पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा चार नए पेयजल टैंकों का निर्माण, पुराने टैंकों की मरम्मत और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की जाएगी। सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने 3 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के लिए सुरक्षित भूमि चयन और भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने को कहा। साथ ही निर्माण के दौरान पेयजल आपूर्ति बाधित न होने देने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!