रेयर डिजीज से पीड़ित 10 बच्चों के उपचार के लिए 9.60 लाख रुपये की सहायता

देहरादून। रेयर डिजीज से पीड़ित बच्चों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने 10 बच्चों के उपचार हेतु सीएसआर फंड से 9.60 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बच्चों के उपचार, रेफरल प्रक्रिया और चिकित्सकीय प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए है
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत जिले में अब तक 32 बच्चों का चिन्हीकरण किया गया है। इनमें 22 बच्चों का उपचार आरबीएसके के अंतर्गत चल रहा है, जबकि 10 बच्चे योजना के दायरे से बाहर हैं। इन बच्चों के उपचार के लिए जिला प्रशासन ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। कुछ बच्चों की सर्जरी के साथ लंबे समय तक चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिक संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे का उपचार प्रभावित नहीं होना चाहिए। आवश्यकता होने पर राइफल क्लब फंड से भी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी और शिक्षा विभाग को सभी चिन्हित बच्चों के प्रकरणों की नियमित समीक्षा तथा अभिभावकों से संपर्क बनाए रखने को कहा। साथ ही रेयर डिजीज से पीड़ित बच्चों के निरंतर चिन्हीकरण के निर्देश दिए।
