राष्ट्रीय मंच पर चमका पौड़ी का शिक्षा मॉडल, दो अधिकारियों को सम्मान


पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के दो शिक्षा अधिकारियों को शैक्षिक प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में डायट चड़ीगांव के प्राचार्य स्वराज सिंह तोमर और खंड शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल वर्षा भारद्वाज को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
अकादमिक भवन में आयोजित समारोह में पूर्व एनसीईआरटी निदेशक एवं पद्मश्री प्रो. जेएस राजपूत ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया। दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के 84 जिला एवं विकासखंड स्तरीय शिक्षा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखंड के छह अधिकारियों में पौड़ी के दो अधिकारियों का चयन राष्ट्रीय सम्मान के लिए हुआ। सम्मान शिक्षा प्रशासन में जमीनी स्तर पर किए गए नवाचार, प्रभावी कार्यप्रणाली और सकारात्मक बदलाव के प्रयासों के लिए दिया गया। अधिकारियों की उपलब्धि से विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण, शिक्षक क्षमता, तकनीकी संसाधनों और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!