आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, स्थानीय स्तर पर मिलेंगी सुविधाएं

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शुक्रवार को सिम्भलचौड़ में यूआईडीएआई के आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। केंद्र शुरू होने से कोटद्वार और आसपास के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए देहरादून या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
केंद्र में आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं जैविक पहचान अपडेट समेत विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह केंद्र निर्धारित अवकाश को छोड़कर सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। शुभारंभ अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्वयं आधार का जैविक पहचान अपडेट कराया। उन्होंने नागरिकों से समय पर आधार अपडेट कराने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से पांच से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराने को कहा। वर्तमान में यह सुविधा निःशुल्क है। उन्होंने कहा कि केंद्र से समय और आवागमन की बचत होगी तथा लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलेगी।
