
हरिद्वार। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस की हरिद्वार में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड के सभी जिलों, नगरों, औद्योगिक क्षेत्रों, प्रतिष्ठानों तथा स्थानीय इकाइयों में संगठन का विस्तार, पुनर्गठन और सक्रियता सुनिश्चित की जाएगी। संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़कर उनके अधिकारों एवं हितों की प्रभावी आवाज उठाई जाएगी।
भेल कार्यालय पर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (INTUC) की उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वप्रथम इंटक के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देने के उपरांत बैठक का शुभारंभ किया गया। बैठक में संगठन के प्रदेशव्यापी विस्तार, श्रमिकों की समस्याओं के समाधान, रोजगार सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी, सुरक्षित कार्य वातावरण तथा श्रमिकों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह चौहान के दायित्व संभालने के बाद पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक थी। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह चौहान का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि “ हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के हर जिले, हर औद्योगिक क्षेत्र और हर श्रमिक तक संगठन की पहुंच हो। जहां भी श्रमिकों के अधिकारों का सवाल होगा, वहां INTUC उनकी आवाज बनकर मजबूती से खड़ा रहेगा।”
महासचिव संगठन एपी अमोली ने कहा कि उत्तराखंड INTUC द्वारा जिला एवं स्थानीय इकाइयों को सक्रिय कर श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं का डेटा एवं विवरण तैयार किया जाएगा, ताकि समस्याओं को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष तथ्यात्मक एवं प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
“एकजुट श्रमिक—मजबूत संगठन—सुरक्षित भविष्य” के नारे के साथ कार्यकारिणी में मुख्य रूप से अनिल कुमार जनार्दन सिंह, साधुराम, महेंद्र शर्मा, दिनेश, संतोष सिंह, विनोद कवि, मनोज पंत, कलीम अहमद, दीपचंद्र पाठक, नवीन गिरी, पंकज छेत्री, लवेंदर चिल्वाल, सरदार गुरदयाल, वीरेंद्र सिंह नेगी, बलेश, ओपी सुदी, तेजेंद्र सिंह रावत, रविनंदन कुमार, जगदीश बहुगुणा, देव सिंह पंवार, अनूप सिंह बिष्ट, विनोद उप्रेती, अरविंद राजपूत, अमन सियाल, हिमांशु नेगी, ऋषिराज पैन्यूली, अश्विनी चौहान, संदीप चौहान, राजेंद्र चौहान, राकेश चौहान, मुकुल राज, आशुतोष, प्रशांत गुप्ता, रविंद्र कुमार, सुनील कुमार, संजय शर्मा, विपिन केसला, इम्तियाज, कपिल राणा, मनोज यादव, संदीप जोशी, वैभव, विपिन, दिव्य, सागर चौहान समेत सैकड़ो सदस्य शामिल रहे। कार्यकारिणी का आरंभ राष्ट्रगीत और समापन राष्ट्रीय गान से किया गया।
