रानीपुर में विकास कार्यों की विधायक आदेश चौहान ने की समीक्षा
हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राजा गार्डन मुख्य मार्ग, फुटबॉल ग्राउंड मुख्य मार्ग तथा शांतिपुरम चौराहे से हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग का पुनर्निर्माण तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक ने शिवालिकनगर, सलेमपुर महदूद, ज्वालापुर और टिहरी विस्थापित क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य दीपावली के बाद शुरू कराने को कहा। कुंभ मेला-2027 के तहत निर्माणाधीन पुलों और अन्य कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं होगी और उनकी नियमित निगरानी की जाए।
