पुरोला में भूकंप और अग्निकांड से निपटने के लिए मॉक अभ्यास
उत्तरकाशी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत शनिवार को पुरोला तहसील में भूकंप और अग्निकांड से संबंधित मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर हुए अभ्यास में विभिन्न विभागों की तैयारियों और आपसी समन्वय को परखा गया।
पहले परिदृश्य में पीजी कॉलेज पुरोला में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने और 10 लोगों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। दूसरे परिदृश्य में जवाहर नवोदय विद्यालय की रसोई में आग लगने तथा 13 छात्र-छात्राओं के फंसे होने का अभ्यास किया गया। दोनों घटनाओं में घायलों को सुरक्षित निकालने और उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई गई। उप जिलाधिकारी मुकेश चंद्र रमोला ने तहसील स्तरीय आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय किया। अभ्यास में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व विभाग और जिला आपदा प्रबंधन की टीमों ने प्रतिभाग किया।
