पुलिसकर्मियों और पीआरडी जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण

टिहरी। पुलिसकर्मियों और पीआरडी जवानों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को लेकर थाना छाम परिसर में मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कंडीसौड़ से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने कार्मिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में सभी स्वस्थ पाए गए।
शिविर में चिकित्सकों ने संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम की सलाह दी। साथ ही व्यस्त ड्यूटी के बीच शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने तथा तनाव प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बेहतर कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
