पुलिस ने घर पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों का जाना हालचाल

नई टिहरी। वरिष्ठ एवं एकल वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए टिहरी पुलिस ने जनसंपर्क अभियान चलाया। शनिवार को एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में नई टिहरी, नरेंद्रनगर और हिंडोलाखाल पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना।
पुलिसकर्मियों ने उनके स्वास्थ्य, दैनिक जरूरतों और समस्याओं की जानकारी लेकर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। नई टिहरी पुलिस ने पीपलडाली, कोटेश्वर और कोटी कॉलोनी क्षेत्र में भी वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में बिना संकोच संपर्क करें। टिहरी पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
