पर्यावरण मित्रों की मांगों को लेकर संघ ने सौंपा ज्ञापन

देहरादून। उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ शाखा हरबर्टपुर के पदाधिकारियों और पर्यावरण मित्रों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी एवं अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने तीन वर्षों से लंबित ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन वर्दी के भुगतान, बरसाती उपलब्ध कराने और सीमा विस्तार के अनुसार नई भर्ती करने की मांग की। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य सुरक्षा किट, चिकित्सा सुविधा, संविदा कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा स्वामित्व योजना के तहत नगर पालिका भूमि पर निवासरत कर्मचारियों को मालिकाना हक देने की मांग रखी। संघ ने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में गुरुदेव, सतीश परछा, राजेश, सुमित, गौरव, प्रदीप कुमार, अमोल, करनजीत व राजपाल आदि शामिल रहे।
