प्रशिक्षु एफएसएसओ से एसपी उत्तरकाशी द्वारा किया गया संवाद, फील्ड चुनौतियों एवं जनसेवा के दायित्वों पर दिया मार्गदर्शन

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहन सिंह राणा,
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय द्वारा जनपद में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु एफएसएसओ (Fire Station Second Officer) हारुन अहमद एवं अमन से संवाद स्थापित कर उनके प्रशिक्षण अनुभवों की जानकारी ली गई।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिस एवं अग्निशमन सेवाओं की कार्यप्रणाली, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को बताया कि पुलिस एवं फायर सेवाओं का कार्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने अथवा अग्निशमन तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य, जनजागरूकता, संवेदनशील परिस्थितियों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने तथा आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी इन सेवाओं से जुड़ी होती है। फील्ड में आने वाली विभिन्न चुनौतियों, विषम भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित संसाधनों में बेहतर कार्य निष्पादन, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता तथा तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य एवं संयम बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने प्रशिक्षु अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने, वरिष्ठ अधिकारियों एवं अनुभवी कर्मियों से सीखने तथा प्रत्येक कार्य को अनुशासन, निष्ठा एवं समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सेवा भावना, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशील व्यवहार ही एक उत्कृष्ट अधिकारी की पहचान होती है।
उनके द्वारा दोनों प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूर्ण लगन एवं प्रतिबद्धता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य में जनसेवा के दायित्वों का प्रभावी एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से निर्वहन करने हेतु शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!