प्रधान संगठन की 10 सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए ऐश्वर्या रावत ने मुख्यमंत्री और सांसद को लिखा पत्र

हरीश चन्द्र ऊखीमठ
ऊखीमठ। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत ने उत्तराखंड प्रधान संगठन की 10 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अनिल बलूनी को पत्र लिखा है। उन्होंने ग्राम पंचायतों की समस्याओं के समाधान और पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
ऐश्वर्या रावत ने लिखे पत्रों में कहा कि उत्तराखंड प्रधान संगठन पिछले कई महीनों से अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार सरकार से अनुरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का अधिकांश हिस्सा पहाड़ी एवं ग्रामीण क्षेत्र में आता है, जहां विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्राम पंचायतों के समक्ष कई चुनौतियां रहती हैं। ऐसे में पंचायतों को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए संगठन की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में ऐश्वर्या रावत ने राज्य सरकार के स्तर पर प्रधान संगठन की मांगों के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। वहीं, सांसद अनिल बलूनी को लिखे पत्र में उन्होंने केंद्र सरकार से संबंधित मांगों के समाधान के लिए पहल करने का अनुरोध किया है। ऐश्वर्या रावत ने उम्मीद जताई कि संबंधित स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई से ग्राम पंचायतों को मजबूती मिलेगी और प्रधान संगठन की लंबित मांगों के समाधान का रास्ता प्रशस्त होगा।
