पोलियो जागरूकता एवं फिटनेस रैली निकालकर किया जागरूक

श्रीनगर गढ़वाल। विश्व पोलियो दिवस पर रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल ने शनिवार को पोलियो जागरूकता एवं फिटनेस रैली निकाली। गोला पार्क से नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने रैली को रवाना किया। इसमें शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल के इंटरेक्ट क्लब और जयदयाल संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
रैली के दौरान बच्चों ने ‘पोलियो मुक्त विश्व हमारा संकल्प’ और ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज’ जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। वक्ताओं ने पोलियो से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण को जरूरी बताया। रोटरी क्लब अध्यक्ष अनिल ढौंडियाल ने कहा कि जनभागीदारी से ही पोलियो मुक्त विश्व का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. रचित गर्ग, डॉ. गोविन्द पुजारी सहित क्लब सदस्य मौजूद रहे।
