फ्लू की गंभीर जटिलता से उबरी नौ माह की कीर्ति, मिला नया जीवन


श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग जिले के फाटा निवासी नौ माह की कीर्ति फ्लू एन्सेफैलोपैथी जैसी गंभीर जटिलता से उबरकर स्वस्थ हो गई। बेस चिकित्सालय श्रीनगर में करीब 14 दिनों तक चले उपचार के बाद मंगलवार को परिजन उसे घर ले गए।
कीर्ति के मस्तिष्क में सूजन आ गई थी और बोन मैरो की कार्यप्रणाली भी प्रभावित हुई थी। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बाल रोग विभाग की पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट में भर्ती किया गया। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सीएम शर्मा की निगरानी में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंकिता गिरी और चिकित्सकों की टीम ने उपचार किया। डॉ. अंकिता गिरी के अनुसार, बच्ची बेहोशी की अवस्था में थी और रक्त कोशिकाओं की संख्या कम होने से उपचार चुनौतीपूर्ण था। नौ से दस दिनों तक गहन निगरानी में इलाज चला। सात से आठ दिनों बाद उसकी हालत में सुधार होने लगा और वह परिजनों को पहचानने लगी। बेटी के स्वस्थ होने पर माता-पिता मेघा और नितिन चंद्र जमलोकी ने चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ का आभार जताया। डॉ. गिरी ने अभिभावकों से बच्चों में तेज बुखार, असामान्य सुस्ती या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की। उन्होंने फ्लू से बचाव के लिए चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!