पौड़ी में मतदेय स्थलों की संख्या बढ़कर होगी 1016

पौड़ी। मतदाताओं की सुविधा के लिए पौड़ी जिले में मतदेय स्थलों के युक्तिकरण के तहत 22 प्रस्तावों पर राजनीतिक दलों ने सहमति जताई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में गुरूवार को हुई बैठक में आठ नए मतदेय स्थल बनाने सहित अन्य बदलावों पर चर्चा हुई।
प्रस्तावों के अनुमोदन के बाद जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 1008 से बढ़कर 1016 हो जाएगी। एक स्थल का स्थानांतरण और तीन के नाम में संशोधन सहित अन्य परिवर्तन प्रस्तावित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।
