नंदाधाम कुरूड़ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां नंदा देवी बड़ी जात यात्रा का शुभारंभ आज


कुरूड़। उत्तराखंड की ईष्ट देवी मां नंदा देवी की विश्वप्रसिद्ध बड़ी जात यात्रा को लेकर सिद्धपीठ नंदा देवी धाम कुरूड़ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पांच सितंबर से प्रारंभ होने वाली यात्रा को लेकर मंदिर में तीन सितंबर से लगातार पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर मां नंदा देवी के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं।
मंदिर में मां नंदा देवी के साथ कैलाश यात्रा पर जाने वाले चौसिंग्या खाड़ू का भी आगमन हो चुका है। श्रद्धालु खाड़ू के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इस दौरान पारंपरिक गीत, भजन और नृत्य भी किए जा रहे हैं। हिमालय कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मां नंदा देवी राजजात यात्रा का आयोजन 12 वर्षों के अंतराल में होता है। यह यात्रा गढ़वाल और कुमाऊं की साझा आस्था का प्रतीक है। मान्यता के अनुसार मां नंदा को माता पार्वती का स्वरूप माना जाता है और उन्हें मायके से ससुराल कैलाश विदा किया जाता है। मंदिर समिति अध्यक्ष सुखवीर सिंह रौतेला के सानिध्य में श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट के परामर्श से यात्रा को व्यापक जनसहयोग मिल रहा है। सितंबर में होने वाली यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!