नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल

देहरादून/हरिद्वार। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर से लेकर गांवों तक जगह-जगह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिरों और घरों में आकर्षक सजावट, झांकियां और भगवान श्रीकृष्ण के भव्य झूले सजाए गए। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना कर कान्हा की आराधना की। विभिन्न स्थानों पर बच्चों ने कृष्ण, राधा और गोपियों का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिरों में शंख, घंटे-घड़ियाल और “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंज उठे। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कई स्थानों पर मटकी फोड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या भी आयोजित हुई।

जन्माष्टमी समारोह में झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
चंबा। टिहरी पुलिस परिवार की ओर से पुलिस लाइन चंबा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसएसपी श्वेता चौबे ने पति मणिकांत मिश्रा और पुत्र के साथ लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना कर झूला झुलाया और जनपदवासियों को शुभकामनाएं दीं। विभिन्न थानों एवं फायर सर्विस की ओर से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आठ आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहीं। पुलिस परिवारों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल और मंजू नौटियाल की प्रस्तुतियों पर पुलिसकर्मी, परिवार और स्थानीय लोग देर रात तक झूमते रहे। समारोह में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।
भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंगा कृष्ण जन्मोत्सव
पौड़ी। रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी में पुलिस परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसएसपी सर्वेश पंवार एवं नेहा पंवार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पुलिस परिवार के बच्चों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध लोकगायक साहब सिंह रमोला, आकांक्षा रमोला और कलाकारों ने गढ़वाली-कुमाऊंनी लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा। मंदिर परिसर में सजी आकर्षक श्रीकृष्ण झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिजन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सफलता में सहयोग करने वालों का आभार जताया।
बारिश के बीच भी पुलिस लाइन में गूंजा जय श्रीकृष्ण
गोपेश्वर। पुलिस लाइन गोपेश्वर सहित जनपद के सभी थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास से मनाई गई। भारी बारिश के बावजूद पुलिस मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटे। पुलिस परिवार के बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने भजन, गढ़वाली-कुमाऊंनी लोकनृत्य, नाटक, हास्य एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगायक विवेक नौटियाल, अमित खरे और प्रतीक्षा बमराड़ा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के साथ मैदान जय श्रीकृष्ण और जय कन्हैया लाल के जयघोष से गूंज उठा। विभिन्न थानों की आकर्षक झांकियां भी प्रदर्शित की गईं। झांकी प्रतियोगिता में पुलिस लाइन गोपेश्वर प्रथम, कोतवाली गोपेश्वर द्वितीय और गोविन्दघाट तृतीय रहा। बेस्ट कान्हा प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।

भक्तिमय वातावरण में मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून स्थित मंदिर में एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने सपरिवार विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने भी पूजा में सहभागिता की। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर सामूहिक आरती के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। एसएसपी ने पुलिस परिवार सहित सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समाज में शांति, प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी सिटी, एसपी देहात सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ज्ञानसू में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
उत्तरकाशी। पुलिस लाइन ज्ञानसू में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस परिवारों, स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य और एसपी कमलेश उपाध्याय ने झांकियों का अवलोकन किया। सांस्कृतिक संध्या में स्कूली छात्राओं की भक्तिमय प्रस्तुति, पुलिस परिवार की महिलाओं के गढ़वाली-जौनसारी गीतों पर तांदी नृत्य और नन्हे कान्हाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य आरक्षी एवं लोकगायक धमेन्द्र परमार के जौनसारी गीतों ने भी समां बांधा।
