निरीक्षण में लापरवाही उजागर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन पर रोक

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को राजकीय अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर और स्कैनर की व्यवस्था नहीं होने तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन न किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने के लिए उन्हें निजी प्रिंटिंग प्रेस जाना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर, स्कैनर और इंटरनेट की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्कैनिंग और प्रिंटिंग शुल्क की दर सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करने को कहा। जिलाधिकारी ने निजी प्रिंटिंग प्रेस का भी निरीक्षण कर वहां दर सूची नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने आए लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
