मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब 86 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल तक संपर्क सीसी रेलिंग मार्ग निर्माण के लिए 49.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के ताड़ीखेत विकासखंड में विभिन्न प्राचीन एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए 3.34 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, डोईवाला के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 97 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के वेतन-भत्तों आदि के लिए स्वीकृत 150 करोड़ रुपये के सापेक्ष द्वितीय किश्त के रूप में 80 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी किया है। चमोली के थराली विधानसभा क्षेत्र में नंदानगर और नारायणबगड़ विकासखंड के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं धर्मशाला के अवशेष कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। इनमें ध्योसिंह धाम मंदिर के लिए 19.56 लाख, गोरिया राजा मंदिर के लिए 9.93 लाख, मां गिरिजा भवानी मंदिर धर्मशाला के लिए 33.72 लाख, मींगेश्वर मंदिर के लिए 20.24 लाख तथा महादेव मंदिर के लिए 39.62 लाख रुपये शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!