मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए दी 17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जनपदों के विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण, मंदिरों एवं मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण, पेयजल सुविधा और अन्य आधारभूत कार्यों के लिए कुल 17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास होगा।
टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसकी प्रथम किश्त के रूप में 59.26 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। देवप्रयाग क्षेत्र के बड़ोला गांव के उरमण तोक स्थित बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 36.19 लाख तथा डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 39.94 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में गटघोरगाड़ी नौलिंग मेला स्थल के निर्माण के लिए 79.49 लाख में से प्रथम किश्त के रूप में 47.69 लाख तथा मदकोट में मंदाकिनी पुल से राप्ती ग्राम सभा तक पैदल अश्व मार्ग निर्माण के लिए 29.84 लाख स्वीकृत किए गए हैं। डीडीहाट के खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख की स्वीकृति दी गई है।
चम्पावत के लोहाघाट में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा एवं ध्यान केंद्र निर्माण के लिए 97.10 लाख स्वीकृत हुए हैं। वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग के लिए 25 लाख तथा टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 5 करोड़ स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
हरिद्वार के झबरेड़ा में 50 हैंडपंपों के लिए 99.44 लाख और भगवानपुर में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 100.43 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र के लिए 184.37 लाख और चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए 220 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
