मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर कांग्रेस ने किया जनसंपर्क


देहरादून। 7 सितंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच को सफल बनाने के लिए धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में महानगर कांग्रेस कमेटी ने जनसंपर्क अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में संपर्क कर कांग्रेसजनों से परेड ग्राउंड पहुंचने का आह्वान किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने भाजपा पर नफरत, जातीय विभाजन और सामाजिक वैमनस्य की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष जांच और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों की समीक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर मुख्यमंत्री आवास कूच को सफल बनाने का संकल्प लिया।


मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर कार्यकर्ताओं ने किया जनसंपर्क

विकासनगर। 7 सितंबर को देहरादून में प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवप्रभात ने पछुवादून क्षेत्र में जनसंपर्क किया। उन्होंने नवाबगढ़, जीवनगढ़, डाकपत्थर, अंबाड़ी और बुलाकीवाला समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। नवप्रभात ने कहा कि बेरोजगारी, दलितों से जुड़े मुद्दे, अंकिता भंडारी प्रकरण और पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को सुबह 10 बजे परेड ग्राउंड पहुंचने और मुख्यमंत्री आवास घेराव में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकजुटता से जनता की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!