मसूरी में शरदोत्सव-2026 का रंगारंग आगाज, लोक संस्कृति के रंग में रंगा गांधी चौक

देहरादून/मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में मंगलवार को पांच दिवसीय ‘मसूरी शरदोत्सव-2026’ का रंगारंग शुभारंभ हुआ। नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित शरदोत्सव 6 से 10 अक्टूबर तक चलेगा। गांधी चौक पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने ध्वजारोहण कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। रिमझिम बारिश, घने कोहरे और ठंडी हवाओं के बीच आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उद्घाटन अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और देवभूमि की परंपराओं की झलक देखने को मिली। नगर पालिका टाउन हॉल में पद्मश्री बसंती बिष्ट ने पारंपरिक जागर गायन की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद ‘पांडवाज’ बैंड ने पारंपरिक उत्तराखंडी और पाश्चात्य वाद्ययंत्रों की शानदार जुगलबंदी के साथ गढ़वाली गीत प्रस्तुत किए। दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। शरदोत्सव के तहत खेल प्रतियोगिताओं का भी शुभारंभ हुआ। पहले दिन एमपीजी कॉलेज में मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में स्नूकर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, एसडीएम राहुल आनंद, पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, पर्यटक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
