मोबाइल स्नैचिंग का 24 घंटे में खुलासा, एक गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में महिला से मोबाइल फोन छीनने की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को मोनाल एन्क्लेव निवासी भास्कर घिल्डियाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रैपिडो चालक उनकी पत्नी का मोबाइल छीनकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरिफ (27), निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी रैपिडो में काम करता है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल विपिन और अरविंद शामिल रहे।
