किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर 43 भवन स्वामियों पर 4.30 लाख का जुर्माना


देहरादून। किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन न कराने तथा अन्य अनियमितताएं मिलने पर दून पुलिस ने 43 भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार, 13 अक्टूबर को यह अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने पटेलनगर क्षेत्र के लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, मेहूवाला और क्लेमेंटाउन क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस रोड, ओगलभट्टा सहित विभिन्न स्थानों पर सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के साथ पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त, प्रकाश में आए तथा जमानत पर चल रहे 12 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया गया।
पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं मिलने पर 43 भवन स्वामियों के चालान पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत किए गए।


25 भवन स्वामियों पर लगाया 2.50 लाख का जुर्माना

देहरादून। एसएसपी के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने मंगलवार को आदर्श कॉलोनी और रिंग रोड क्षेत्र में व्यापक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 400 से अधिक बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों का सत्यापन किया गया। किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने 25 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 2 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में पूछताछ के लिए 11 लोगों को थाने लाया गया और पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील के लिए पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे नौ वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सत्यापन एवं चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!