मनेरा स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ

उत्तरकाशी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत सोमवार को मनेरा खेल मैदान में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश गौ चौहान सहित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। विधायक ने अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता शुरू कराई। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में ऊर्जा और अनुशासन का संचार करते हैं तथा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता छह दिनों तक चलेगी। 800 मीटर बालक वर्ग में यमुनोत्री के साहिल प्रथम, घनसाली के देवराज द्वितीय और गंगोत्री के अंशुमान तृतीय रहे। बालिका वर्ग में घनसाली की दीपिका प्रथम, गंगोत्री की शीतल रावत द्वितीय और यमुनोत्री की रंजना तृतीय रहीं।
