मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण, घटतौली और कम वेतन की शिकायतें

कोटद्वार। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमों के अनुपालन की जांच के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर गुरुवार को कोटद्वार में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान घटतौली, कांटों के नवीनीकरण और श्रमिकों को कम वेतन देने संबंधी शिकायतें सामने आईं।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने बीकानेर मिष्ठान भंडार, टूरिस्ट स्वीट्स शॉप और हॉट एंड कोल्ड का निरीक्षण किया। बीकानेर मिष्ठान भंडार में घटतौली की शिकायत पर बाट-माप निरीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, हॉट एंड कोल्ड में कांटे का समय पर नवीनीकरण नहीं कराने पर नोटिस जारी करने को कहा गया। दुकानों में श्रमिकों से पूछताछ के दौरान 12-12 घंटे काम कराने और नियमानुसार वेतन नहीं देने की शिकायतें भी मिलीं। इस पर श्रम विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बर्फी, लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी, संदीप मिश्रा और बाट-माप निरीक्षक उमेश नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
