महिला को जबरन वाहन में बैठाने के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में महिला को जबरन वाहन में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को सुषमा शर्मा ने नालापानी चौक के पास अज्ञात लोगों द्वारा उन्हें जबरन वाहन में बैठाने के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पूर्व में एक महिला आरोपी को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई थी और घटना में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने 27 सितंबर को वांछित मुख्य आरोपी प्रियांशु (19), निवासी अन्नकी रोशनाबाद, हरिद्वार को नवोदय नगर हरिद्वार के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके साथी दीपक का सुषमा से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था और उसके कहने पर वह आदित्य व लक्की के साथ महिला को डराने देहरादून आया था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
