मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण, सात दवाओं के नमूने लिए

चमोली। औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नकली व प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सोमवार को औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट ने गोपेश्वर और चमोली क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव और क्रय-विक्रय के बिलों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान गोपेश्वर क्षेत्र से सात दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए एकत्र किए गए। मेडिकल स्टोर संचालकों को नार्काेटिक औषधियों की बिक्री केवल चिकित्सक के वैध पर्चे पर करने के निर्देश दिए गए। औषधि निरीक्षक ने अधिनियम के प्रावधानों और लाइसेंस की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, छह नमूने लिए

पाबौ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम के नेतृत्व में सोमवार को पाबौ बाजार में मेडिकल स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान दवाओं की एक्सपायरी तिथि, भंडारण, लाइसेंस और जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता जांची गई। खाद्य सुरक्षा जांच के लिए चार प्रतिष्ठानों से रसगुल्ला, सोनपापड़ी, नमकीन, रसमलाई और नमकपारे सहित छह नमूने लिए गए। एक दुकान में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी। निरीक्षण में एसीएमओ डॉ. गौरव बौठियाल, औषधि निरीक्षक डॉ. सीमा बिष्ट चौहान और खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!