खानपुर विधानसभा में लगातार बढ़ रहा जनाधार, नए कार्यालय का किया उद्घाटन

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो /आनंद कश्यप,
लंढौरा, / हरिद्वार। खानपुर विधानसभा से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के लंढौरा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और भारी भीड़ के बीच पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
लंढौरा में विधायक उमेश कुमार का आगमन ऐतिहासिक बन गया, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित विधायक ने जनता का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान उमेश कुमार ने कहा कि खानपुर विधानसभा का सर्वांगीण विकास ही उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा तथा हर व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।उमेश कुमार ने कहा
खानपुर और लंढौरा की जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है। विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस मौके पर विधायक उमेश कुमार ने फीता काटकर जन निर्माण पार्टी के नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल पार्टी का केंद्र नहीं, बल्कि आम जनता के लिए एक ऐसा मंच होगा, जहां उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
जनसमर्थन का प्रदर्शन
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे पार्टी के बढ़ते जनाधार का स्पष्ट संकेत मिल रहा है।
लंढौरा में उमेश कुमार के इस भव्य स्वागत ने यह साफ कर दिया है कि खानपुर विधानसभा में जन निर्माण पार्टी की पकड़ लगातार मजबूत होती जा रही है।
