कुंभ-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़क, फुटपाथ, चौराहों, सौंदर्यीकरण और जन-सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक से मालवीय चौक तक सड़क सुधार, मीडियन और फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त एवं बेतरतीब खड़े बिजली के खंभों को हटाने और यातायात व पैदल आवागमन को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह और लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह मौजूद रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के साथ माया देवी मंदिर, वाल्मीकि चौक, गुजरांवाला चौक और शिवमूर्ति चौक क्षेत्र का निरीक्षण किया। मेलाधिकारी ने आंतरिक गलियों में सुधार, स्वच्छता, फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। भगत सिंह चौक और बिल्केश्वर क्षेत्र से मनसा देवी मार्ग तक फुटपाथ निर्माण तथा पैदल मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने कहा कि सभी निर्माण कार्य कुंभ नगरी की गरिमा और श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यस्थलों पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने, रात्रिकालीन पाली में काम कराने और गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए। निरीक्षण रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को भी कहा। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी में निर्माणाधीन पुल तथा पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
