खाड़खाला के पास 31 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

टिहरी। टिहरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत खाड़खाला के पास चेकिंग के दौरान 31 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 9.30 लाख रुपये है।
बीपुरम चौकी क्षेत्र में हुई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम (26) पुत्र कलीराम, निवासी शांति नगर, ऋषिकेश, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक बरामद कर कोतवाली नई टिहरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी बलवीर सिंह रावत, हेड कांस्टेबल अरविंद सेमवाल और कांस्टेबल मुकेश सैनी शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
