खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने लिए

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने नगर निगम क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। नई बस्ती भीमगोड़ा स्थित फार्म श्याम फ्लोर मिल और सिंहद्वार कनखल स्थित राधा कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी से सरसों के तेल के नमूने लिए गए। रेलवे रोड स्थित सिद्धमति इंटरप्राइजेज एलएलपी के प्रतिष्ठान से आइसक्रीम का नमूना जांच के लिए लिया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों से खाद्य पदार्थ एवं पेयजल जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल अभिलेख और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने पर एक प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किया गया। विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थ और भ्रामक विज्ञापन के मामलों में भी न्यायालय में वाद दर्ज किए हैं।
