कांग्रेस आज से 8 अक्टूबर तक मनाएगी ‘’लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’’
देहरादून। कांग्रेस ने 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाने की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस के अनुसार इस दौरान जिला एवं महानगर स्तर पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ ‘वोट बचाओदृदेश बचाओ मार्च’ आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत संयुक्त बैठकें और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। जिला स्तर के मार्च स्थानीय मार्गों से आंबेडकर या गांधी प्रतिमा अथवा जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाले जाएंगे। समापन पर राष्ट्रगान के बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा। कांग्रेस निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध कार्रवाई तथा उनके पद से हटाने की मांग भी उठा रही है। ज्ञानेश कुमार वर्तमान में मुख्य निर्वाचन आयुक्त हैं।
